ख़बर रायपुर
गोल्फ के नक्शे पर नई पहचान बना रहा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय ..

नवा रायपुर ओपन की ट्रॉफी का अनावरण, मुख्यमंत्री ने खुद गोल्फ खेलकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह ,
132 प्रोफेशनल गोल्फर ले रहे हिस्सा, 18 विदेशी खिलाड़ी भी मैदान में; कपिल देव बोले- हर साल हो टूर्नामेंट ..
रायपुर, छत्तीसगढ़ अब क्रिकेट, हॉकी और अन्य खेलों के साथ प्रोफेशनल गोल्फ के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नवा रायपुर में आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आने वाले समय में नवा रायपुर देश-दुनिया के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बनाएगा। राज्य सरकार गोल्फ को बढ़ावा देने और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट, नवा रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं गोल्फ में हाथ आजमाया और शानदार शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को गोल्फ खेलते देख आयोजन स्थल पर मौजूद खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान एवं प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के अध्यक्ष कपिल देव की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं।
गोल्फ से बढ़ेगा खेल पर्यटन –
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर देश-विदेश के खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ पहुंचना प्रदेश में विकसित हो रहे अनुकूल खेल वातावरण का प्रमाण है। ऐसे आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहते, बल्कि प्रदेश की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत करने के साथ खेल पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं। स्थानीय युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि एक समय गोल्फ को सीमित वर्ग का खेल माना जाता था, लेकिन अब इसका दायरा तेजी से बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ में भी गोल्फ की संभावनाएं व्यापक हैं। सरकार प्रदेश में विभिन्न खेलों के बड़े आयोजन कराने के साथ प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है।
खेल अधोसंरचना को मिल रहा विस्तार –
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। प्रतिभाओं को आधुनिक प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को बजट में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के आगे बढ़ने में संसाधनों की कमी बाधा नहीं बनने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के साथ बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है।
बदलते बस्तर की तस्वीर है खेल मैदान –
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास के साथ युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिल रही है। कभी हिंसा और नक्सलवाद के लिए चर्चित रहे क्षेत्रों में आज युवा खेल मैदानों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह बदलते बस्तर और बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर है।
खिलाड़ियों को बस्तर-सरगुजा आने का न्योता –
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल देश-विदेश के खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ की धरती पर आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति से रूबरू होने का न्योता दिया। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता के साथ समय निकालकर बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात और सरगुजा के प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण करने का आग्रह किया।
हर साल हो गोल्फ टूर्नामेंट : कपिल देव –

पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करने और नई प्रतिभाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इच्छा जताई कि छत्तीसगढ़ में यह प्रतिष्ठित गोल्फ प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित हो और इसकी तारीखें पहले से निर्धारित की जाएं, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।
कपिल देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और यहां मिलने वाला आत्मीय आतिथ्य भी विशेष पहचान बना रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्र हैं, उसी तरह आने वाले समय में छत्तीसगढ़ भी देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगा।
पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने भी छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं और आतिथ्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां का वातावरण और गोल्फ कोर्स खिलाड़ियों को दोबारा छत्तीसगढ़ आने के लिए प्रेरित करता है।
‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ के आयोजन से नवा रायपुर को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बड़े खेल आयोजनों और विकसित होती खेल अधोसंरचना के साथ छत्तीसगढ़ अब देश के प्रमुख स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत करने की ओर बढ़ रहा है।
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoबड़ी खबर: कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने किया अनिल चन्द्रा को जिलाबदर ..
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoव्यापारी से 2250000 रूपये की लूट करने वाले 04 आरोपी गिरफ्तार 05 आरोपी फरार ..
ख़बर रायपुर3 वर्ष agoएनसीपी के प्रमुख पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा कल 23 अक्टूबर को विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में कांग्रेस में होंगे शामिल ..
खबर जगदलपुर ..3 वर्ष agoस्कूल शिक्षा विभाग में 3266 से अधिक रिक्त प्राचार्य पद पर पदोन्नति की माँग को लेकर “छत्तीसगढ़ राज्य प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा” के द्वारा जगदलपुर में बस्तर संभागीय बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई ..
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoसक्ती जिले के डभरा सीएचसी में उपलब्ध हुई दो विशेषज्ञ चिकित्सको की सेवा ..
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoगुलमोहर के फूलों की दीवानगी ऐसी कि आजादी के अमृतोत्सव पर लगाए “75 गुलमोहर पौधे …
Uncategorized3 वर्ष agoप्रदेश में पटवारियों की हड़ताल समाप्त ..
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoज्ञानकुंज पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल सकरेली (बा) में रंगोली, राखी मेकिंग एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन संपन्न ..























