ख़बर रायपुर
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आगाज 21 अक्टूबर से, मैदान में उतरेंगी छह फ्रेंचाइजी टीमें ..

पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह होंगे लीग के ब्रांड एंबेसडर, ओलंपियन खिलाड़ियों के दम पर सजेगा हॉकी का महासंग्राम ,
विजेता को 11 लाख, उपविजेता को 6 लाख रुपये; सभी मुकाबलों में दर्शकों को मिलेगा निःशुल्क प्रवेश ..
रायपुर, छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान देने और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल होने जा रही है। प्रदेश में पहली बार आयोजित हो रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आगाज 21 अक्टूबर से होगा, जो 1 नवंबर तक चलेगा। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होने वाली इस प्रतियोगिता में छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एवं दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर बनाया गया है। वहीं, छह पूर्व ओलंपियन खिलाड़ी अलग-अलग टीमों के मार्की खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरेंगे। लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों की घोषणा के साथ ही सोमवार को सभी टीमों की जर्सी भी लॉन्च की गई।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में फ्रेंचाइजी टीमों का ऐलान किया गया। ड्रॉ के माध्यम से फ्रेंचाइजी को टीमों का आवंटन किया गया। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ियों सहित एक मुख्य कोच होगा। इस तरह छह टीमों के कुल 132 खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय खिलाड़ी और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रत्येक टीम में चार अतिथि खिलाड़ियों के साथ एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी भी रहेगा।
सरदार सिंह के अनुभव से निखरेगी स्थानीय प्रतिभा –
लीग का एंबेसडर बनाए जाने पर प्रसन्नता जताते हुए सरदार सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की शुरुआत दूसरे राज्यों के लिए भी मिसाल बनेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में प्रदेश को खेल राज्य के रूप में विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह लीग छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सितारों के रूप में विकसित करने का अवसर प्रदान करेगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरदार सिंह जैसी प्रतिष्ठित खेल हस्ती को लीग का एंबेसडर बनाना युवा खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हॉकी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए फ्रेंचाइजी और प्रायोजकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। खेल के विकास में निवेश करने वाले सभी फ्रेंचाइजी मालिकों और प्रायोजकों का स्वागत करते हुए उन्होंने इस पहल को छत्तीसगढ़ में हॉकी के पुनरुत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
छह टीमें, छह प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी –
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में प्रदेश की पहचान से जुड़ी छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल), राजधानी रॉयल्स की श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड तथा बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।
लीग में भारतीय हॉकी के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ छत्तीसगढ़ की स्थानीय प्रतिभाओं को खेलने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक टीम में एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी के रूप में शामिल होगा। इनमें एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर शामिल हैं। इन दिग्गज खिलाड़ियों के अनुभव का लाभ स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा और उन्हें उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
विजेता को 11 लाख, व्यक्तिगत प्रदर्शन पर भी पुरस्कार –

प्रतियोगिता में कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विजेता टीम को 11 लाख और उपविजेता टीम को छह लाख रुपये दिए जाएंगे। शेष चार लाख रुपये व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए विभिन्न श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे।
सभी 18 पुरुष मुकाबलों में प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने वाले खिलाड़ी को 10 हजार रुपये मिलेंगे। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और अंडर-21 वर्ग के उभरते खिलाड़ी को 30-30 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
18 पुरुष मुकाबले, महिला हॉकी का प्रदर्शनी मैच भी –
21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाली इस लीग में कुल 18 पुरुष मुकाबले खेले जाएंगे। इसके साथ ही महिला हॉकी का एक प्रदर्शनी मुकाबला भी आयोजित होगा। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। प्रतिदिन पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे और दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों मुकाबलों के बीच मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जो दर्शक स्टेडियम तक नहीं पहुंच सकेंगे, वे जियोहॉटस्टार पर मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

लीग का उद्घाटन समारोह भी खास होगा। इसमें छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति और विरासत की झलक देखने को मिलेगी। देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के साथ पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा।
‘बघवा’ मस्कट, ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ टैगलाइन –
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को प्रदेश की पहचान से जोड़ने के लिए विशेष लोगो, मस्कट और टैगलाइन तैयार की गई है। लीग के लोगो में छत्तीसगढ़ के नक्शे के साथ हॉकी खेलते खिलाड़ी की आकृति दिखाई गई है। प्रदेश की शान बाघ को लीग का मस्कट बनाया गया है, जिसे ‘बघवा’ नाम दिया गया है। वहीं, ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ को लीग की टैगलाइन रखा गया है।
प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का आयोजन हॉकी इंडिया से संबंधित आधिकारिक अधिकारियों की देखरेख में किया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि यह लीग प्रदेश में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाने, स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने और छत्तीसगढ़ को खेल के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, रेणुका यादव सहित सभी फ्रेंचाइजी एवं प्रायोजक संस्थाओं के प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoबड़ी खबर: कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने किया अनिल चन्द्रा को जिलाबदर ..
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoव्यापारी से 2250000 रूपये की लूट करने वाले 04 आरोपी गिरफ्तार 05 आरोपी फरार ..
ख़बर रायपुर3 वर्ष agoएनसीपी के प्रमुख पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा कल 23 अक्टूबर को विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में कांग्रेस में होंगे शामिल ..
खबर जगदलपुर ..3 वर्ष agoस्कूल शिक्षा विभाग में 3266 से अधिक रिक्त प्राचार्य पद पर पदोन्नति की माँग को लेकर “छत्तीसगढ़ राज्य प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा” के द्वारा जगदलपुर में बस्तर संभागीय बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई ..
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoसक्ती जिले के डभरा सीएचसी में उपलब्ध हुई दो विशेषज्ञ चिकित्सको की सेवा ..
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoगुलमोहर के फूलों की दीवानगी ऐसी कि आजादी के अमृतोत्सव पर लगाए “75 गुलमोहर पौधे …
Uncategorized3 वर्ष agoप्रदेश में पटवारियों की हड़ताल समाप्त ..
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoज्ञानकुंज पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल सकरेली (बा) में रंगोली, राखी मेकिंग एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन संपन्न ..





















