खबर सारंगढ़-बिलाईगढ़ ..
महाराष्ट्र में बंधक बने छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को जिला प्रशासन ने कराया मुक्त ..

सोलापुर में गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के नाम पर कराया जा रहा था काम, मजदूरी नहीं मिलने और मारपीट की भी शिकायत ,
जनदर्शन में पहुंची शिकायत पर कलेक्टर ने लिया तत्काल संज्ञान, संयुक्त टीम ने सोलापुर पहुंचकर कराया रेस्क्यू ,
सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिकों की सकुशल घर वापसी ..
सारंगढ़-बिलाईगढ़, रोजगार की तलाश में दूसरे राज्य जाना छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए मुसीबत बन गया। महाराष्ट्र के सोलापुर में गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के काम पर ले जाए गए इन श्रमिकों से कथित तौर पर सुबह से रात 9 बजे तक काम कराया जा रहा था, लेकिन मेहनताना देने के बजाय उन्हें बंधक जैसी परिस्थितियों में रखा गया था। मजदूरी का भुगतान नहीं होने, पर्याप्त राशन नहीं मिलने और मारपीट व दुर्व्यवहार की शिकायतों के बीच आखिरकार जिला प्रशासन की पहल से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराकर सकुशल उनके घर पहुंचा दिया गया। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिक शामिल हैं।
जनदर्शन में पहुंची शिकायत, कलेक्टर ने तत्काल लिया संज्ञान –
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब ग्राम पंचायत उलखर, तहसील एवं थाना सारंगढ़ निवासी एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर अपने परिवार और गांव के अन्य लोगों को महाराष्ट्र से वापस लाने की गुहार लगाई। आवेदन में बताया गया कि एक व्यक्ति रोजगार, रहने-खाने, बीमारी में इलाज और साप्ताहिक मजदूरी भुगतान का भरोसा देकर उन्हें सोलापुर ले गया था। वहां पहुंचने के बाद श्रमिकों से लगातार काम कराया जाने लगा, लेकिन वादे के मुताबिक मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। पर्याप्त राशन भी नहीं दिया जा रहा था। बीमार होने के बावजूद काम करने के लिए मजबूर किया जाता था। इतना ही नहीं, उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत भी सामने आई। आवेदक ने अपने परिवार के 16 सदस्यों को मजदूरी सहित सुरक्षित वापस लाने की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर गठित हुई संयुक्त टीम –
शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर ने 14 नवंबर को श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर महाराष्ट्र के सोलापुर भेजी। टीम में श्रम निरीक्षक डोलमनी माही, राजस्व निरीक्षक दीपक पटेल, सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश रजक और आरक्षक भूपेंद्र कुमार चंद्रा शामिल थे। संयुक्त टीम ने सोलापुर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से पूरे मामले की जांच की। जांच के दौरान श्रमिकों से बंधक जैसी परिस्थितियों में गन्ना कटाई का काम कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोलापुर जिला प्रशासन की मदद से सभी श्रमिकों को मुक्त कराया गया तथा उनकी सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की गई।
तीन जिलों के 40 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी –
प्रशासनिक कार्रवाई के बाद 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चों सहित कुल 40 श्रमिक 20 नवंबर को बचाव दल के साथ सकुशल अपने गृह ग्राम पहुंचे। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित अन्य गांवों के 35 श्रमिक, जांजगीर-चांपा जिले के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिक शामिल हैं। लंबे समय तक परेशानी झेलने के बाद अपने परिवार और अपनों के बीच लौटने पर श्रमिकों ने राहत की सांस ली। श्रमिकों एवं उनके परिजनों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर के प्रति आभार जताया।
अनजान ठेकेदारों के झांसे में नहीं आने की अपील –
इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने श्रमिकों से अपील की है कि रोजगार के नाम पर दूसरे राज्यों में ले जाने वाले अनजान ठेकेदारों और बिचौलियों के झांसे में न आएं। काम पर जाने से पहले संबंधित व्यक्ति, कार्यस्थल, मजदूरी और अन्य शर्तों की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें। श्रमिकों से श्रम विभाग में पंजीयन कराने की भी अपील की गई है। किसी भी प्रकार के शोषण, बंधक बनाए जाने या अन्य परेशानी की स्थिति में तत्काल श्रम विभाग अथवा पुलिस को सूचना देने कहा गया है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoबड़ी खबर: कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने किया अनिल चन्द्रा को जिलाबदर ..
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoव्यापारी से 2250000 रूपये की लूट करने वाले 04 आरोपी गिरफ्तार 05 आरोपी फरार ..
ख़बर रायपुर3 वर्ष agoएनसीपी के प्रमुख पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा कल 23 अक्टूबर को विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में कांग्रेस में होंगे शामिल ..
खबर जगदलपुर ..3 वर्ष agoस्कूल शिक्षा विभाग में 3266 से अधिक रिक्त प्राचार्य पद पर पदोन्नति की माँग को लेकर “छत्तीसगढ़ राज्य प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा” के द्वारा जगदलपुर में बस्तर संभागीय बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई ..
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoसक्ती जिले के डभरा सीएचसी में उपलब्ध हुई दो विशेषज्ञ चिकित्सको की सेवा ..
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoगुलमोहर के फूलों की दीवानगी ऐसी कि आजादी के अमृतोत्सव पर लगाए “75 गुलमोहर पौधे …
Uncategorized3 वर्ष agoप्रदेश में पटवारियों की हड़ताल समाप्त ..
खबर सक्ती ...3 वर्ष agoज्ञानकुंज पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल सकरेली (बा) में रंगोली, राखी मेकिंग एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन संपन्न ..





















